नारनौल, 6 जनवरी। राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण एवं हरियाणा विधिक सेवाएं प्राधिकरण के दिशा-निर्देश पर नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को नारनौल शहर में जन भागीदारी के साथ एंटी-ड्रग वॉकाथॉन का आयोजन किया गया। नशे से जंग, महेन्द्रगढ़ के संग नारे के साथ उपस्थित नागरिकों, माय भारत वॉलंटियर्स, एनसीसी स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों एवं सामाजिक संगठनों ने एक स्वर में नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। यह वॉकाथॉन राजकीय पीजी कॉलेज से शुरू होकर रेस्ट हाउस में संपन्न हुई।
इस मौके पर अपने संबोधन में जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सूरा ने कहा कि समाज में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति एक गंभीर चिंता का विषय है। हमारा उद्देश्य केवल कानून लागू करना नहीं, बल्कि जागरूकता के माध्यम से युवाओं को इस दलदल से बाहर निकालना और उन्हें सही दिशा दिखाना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाए जा रहे ये अभियान तभी सफल होंगे जब पूरा समाज इसे एक जन-आंदोलन के रूप में स्वीकार करेगा।
