22 मार्च की कांकरौला रैली से बादशाहपुर के विकास का नया अध्याय शुरू होगा: राव नरबीर सिंह
गुरुग्राम।
हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री Rao Narbir Singh ने कहा कि 22 मार्च को कांकरौला में होने वाली मुख्यमंत्री की रैली बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए नया अध्याय साबित होगी। उन्होंने कहा कि इस रैली के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने जा रही है। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini विभिन्न पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे और क्षेत्र की मांगों के अनुरूप नई परियोजनाओं की घोषणा भी करेंगे।
राव नरबीर सिंह गुरुवार को गुरुग्राम के सेक्टर-22बी स्थित कम्युनिटी सेंटर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। यह सम्मेलन 22 मार्च को प्रस्तावित मुख्यमंत्री की रैली की तैयारियों को लेकर आयोजित किया गया था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर गांव, वार्ड और कॉलोनी तक पहुंचकर अधिक से अधिक लोगों को रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित करें, ताकि यह रैली ऐतिहासिक बन सके।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम तेजी से विकसित होता हुआ शहर है और सरकार शहर के विकास के साथ आने वाली चुनौतियों का भी समाधान कर रही है। राव नरबीर सिंह ने लोगों से शहर को स्वच्छ रखने, पॉलिथीन के उपयोग से बचने और गीले-सूखे कचरे को अलग रखने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि सरकार की पारदर्शी भर्ती नीति से दक्षिण हरियाणा के युवाओं को बड़े पैमाने पर सरकारी नौकरियों का लाभ मिला है।
