लघु सचिवालय में समाधान शिविर, एसडीएम परमजीत चहल ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं
गुरुग्राम। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक सेवाओं को लोगों तक सरलता से पहुंचाने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को गुरुग्राम के लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में समाधान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें एसडीएम परमजीत चहल ने नागरिकों की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम परमजीत चहल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के समयबद्ध और पारदर्शी समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। समाधान शिविरों के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपलब्धता मिल रही है, जिससे उनकी शिकायतों का मौके पर ही निपटारा संभव हो रहा है और उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
उन्होंने बताया कि सोमवार को आयोजित शिविर में कुल 7 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि बाकी मामलों के शीघ्र निपटान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लेते हुए तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि जिला व उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नियमित रूप से समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं।
