गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस के लिए गर्व की बात है कि पुलिस विभाग में कार्यरत एक पुलिस कर्मी की बेटी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा 2025 में शानदार सफलता हासिल करते हुए पूरे देश में 265वां रैंक प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से गुरुग्राम पुलिस परिवार में खुशी का माहौल है।
क्राइम ब्रांच पीओ स्टाफ, गुरुग्राम में तैनात सहायक उप निरीक्षक (ASI) रामबीर सिंह की बेटी प्रख्या गुलिया ने कड़ी मेहनत और लगन के बल पर यह सफलता हासिल की है। सोमवार को पुलिस आयुक्त गुरुग्राम आईपीएस विकास अरोड़ा ने प्रख्या गुलिया और उनके पिता रामबीर सिंह को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रख्या गुलिया शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने रोहतक के नेकी राम कॉलेज से बीएससी और बीएड की पढ़ाई पूरी करने के बाद यूपीएससी परीक्षा की तैयारी शुरू की। निरंतर मेहनत और समर्पण के चलते उन्होंने यूपीएससी परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया 265वां रैंक हासिल किया।
उल्लेखनीय है कि प्रख्या गुलिया इससे पहले भी वर्ष 2023 में यूपीएससी परीक्षा में 584वां रैंक प्राप्त कर चुकी हैं। उनकी इस उपलब्धि पर गुरुग्राम पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
