गुरुग्राम में पंचायत उपचुनाव 2026 के लिए मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित, 9 मार्च तक दर्ज कराएं दावे व आपत्तियां
गुरुग्राम, 5 मार्च। जिले में प्रस्तावित पंचायत उपचुनाव 2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंचायतों और पंचायत समिति के रिक्त पदों के लिए मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया जारी है। इसके तहत 2 मार्च को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित कर दिया गया है। नागरिक 9 मार्च तक इस सूची से संबंधित अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करवा सकते हैं।
यह जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि जिले की 11 पंचायतों तथा सोहना पंचायत समिति के एक वार्ड में उपचुनाव प्रस्तावित हैं। इन चुनावों को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए मतदाता सूची तैयार करने का समयबद्ध कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि 19 फरवरी से 28 फरवरी तक वार्डवार मतदाता सूची का प्रारूप तैयार किया गया। इसके बाद 2 मार्च को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट का प्रकाशन किया गया है। प्रकाशित सूची पर नागरिक 9 मार्च तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। इन दावों और आपत्तियों का निपटारा 12 मार्च तक किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि यदि किसी को निर्णय के खिलाफ अपील करनी है तो उसके लिए 16 मार्च तक का समय निर्धारित किया गया है। अपीलों का निपटारा 19 मार्च तक किया जाएगा और इसके बाद अंतिम मतदाता सूची 27 मार्च को प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निर्धारित समयसीमा के अनुसार पूरी की जाएगी, ताकि पंचायत उपचुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराए जा सकें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि तक यदि कोई व्यक्ति अपनी आपत्ति या दावा दर्ज नहीं कराता है तो उसके बाद इस संबंध में किसी भी प्रकार की सुनवाई नहीं की जाएगी।
जिले के विभिन्न ब्लॉकों में उपचुनाव कराए जाएंगे। पटौदी ब्लॉक के गांव बासपदमका में सरपंच पद के लिए चुनाव होगा। गुरुग्राम ब्लॉक के गांव माकड़ौला में वार्ड 9 तथा फर्रुखनगर ब्लॉक के गांव अलमदी में वार्ड 9 और झांझरोला खेड़ा में वार्ड 2 में पंच पद के लिए उपचुनाव होंगे। इसके अलावा सोहना ब्लॉक में पंचायत समिति सदस्य के लिए वार्ड 5 तथा कई गांवों में पंच पद के लिए भी चुनाव आयोजित किए जाएंगे।
