चंडीगढ़, 06 जनवरी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस पार्टी विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी-जी रामजी योजना को लेकर जानबूझकर भ्रम और दुष्प्रचार फैला रही हैं। जबकि यह योजना श्रमिकों के कल्याण और गांवों के समग्र विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम है।
मंगलवार को रेलवे रोड स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, सोनीपत में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए श्री बड़ौली ने कहा कि यूपीए शासनकाल में मनरेगा का उद्देश्य टिकाऊ और स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण न होकर केवल खानापूर्ति तक सीमित रह गया था। उस दौर में यह योजना भ्रष्टाचार, फर्जी परियोजनाओं और धन की लूट का माध्यम बन गई थी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि बीते एक दशक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डिजिटल कनेक्टिविटी, बैंकिंग सेवाएं, डीबीटी, आधार लिंकिंग और बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व सुधार हुआ है, जिससे योजनाओं का लाभ सीधे वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंच रहा है।
