गुरुग्राम में एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू, 14 वर्ष की किशोरियां लक्ष्य
गुरुग्राम, 28 फरवरी। सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करने के उद्देश्य से जिले में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की औपचारिक शुरुआत शनिवार को सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल से की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. लोकवीर ने की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राजस्थान के अजमेर से किए गए राष्ट्रीय शुभारंभ का सीधा प्रसारण भी नागरिक अस्पताल व विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में देखा गया।
सिविल सर्जन डॉ. लोकवीर ने बताया कि डीसी अजय कुमार के मार्गदर्शन में जिले में अभियान का पहला चरण शुरू हो गया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करना है, जो भारत में महिलाओं में दूसरा सबसे आम कैंसर है। ह्यूमन पैपिलोमा वायरस इसके प्रमुख कारणों में शामिल है, विशेष रूप से इसके 16 और 18 प्रकार अधिक खतरनाक माने जाते हैं। सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई वैक्सीन 6, 11, 16 और 18 प्रकारों से सुरक्षा प्रदान करती है।
अभियान के तहत 14 वर्ष की किशोरियां मुख्य लक्ष्य समूह हैं। यह टीकाकरण पूरी तरह स्वैच्छिक और निःशुल्क है। पहले दिन जिले में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार लगभग 50 बालिकाओं को टीका लगाया गया। जहां पात्र बालिकाओं की संख्या अधिक रही, वहां सभी को टीकाकरण का लाभ दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 0.5 मिली की सिंगल डोज बाएं हाथ में इंट्रामस्कुलर दी जाएगी। प्रारंभिक चरण में जिला अस्पताल, उपमंडल अस्पताल और सीएचसी स्तर पर टीकाकरण किया जाएगा। स्कूलों के माध्यम से विशेष कैंप आयोजित कर छात्राओं को भी जोड़ा जाएगा। अभियान की मॉनिटरिंग यू-विन पोर्टल के जरिए की जाएगी।
सिविल सर्जन ने अभिभावकों से अपील की कि टीकाकरण के बाद बच्चियों को आधा घंटा स्वास्थ्य केंद्र पर रुकवाएं, ताकि किसी भी संभावित प्रतिक्रिया की स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता दी जा सके।
