गुरुग्राम, 28 फरवरी 2026: गुरुग्राम पुलिस ने टास्क पूरा कराने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 11 मोबाइल फोन, 40 सिम कार्ड, 43 एटीएम कार्ड, 15 पासबुक और 7 चेक बुक बरामद की गई हैं।
मामला 1 जनवरी 2026 का है, जब एक व्यक्ति ने थाना साइबर अपराध पश्चिम, गुरुग्राम में शिकायत दी कि टेलीग्राम ऐप के माध्यम से संपर्क कर उससे करीब 3 लाख 13 हजार रुपये की ठगी की गई। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रियांशु दिवान (एसीपी, साइबर अपराध) के निर्देशन में पुलिस टीम ने 26 फरवरी को जयपुर से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में सौरभ कुमार मीणा निवासी जयपुर, अभिषेक बिश्नोई निवासी फलोदी और लक्ष्मण उर्फ लकी निवासी नागौर शामिल हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी विदेश में बैठे साइबर ठगों के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराते और उनका संचालन करते थे। ठगी की रकम में से 30 प्रतिशत कमीशन लेकर शेष राशि USDT के जरिए विदेश भेजी जाती थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को दो दिन की रिमांड पर लिया है और जांच जारी है।
