गुरुग्राम, 28 फरवरी 2026: गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-17 ने फर्जी एग्रीमेंट के जरिए जमीन की खरीद-फरोख्त में करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी दूसरों की जमीन को अपनी बताकर और बिना विक्रय योग्य खादर भूमि दिखाकर लोगों को निवेश का लालच देता था।
मामले की जांच 6 जून 2024 को मिली शिकायत के बाद शुरू हुई। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपियों ने 15 बीघा जमीन का 9.30 करोड़ रुपये में फर्जी सौदा किया और 45 लाख रुपये एडवांस लेकर धोखाधड़ी की। बाद में पता चला कि जमीन न तो विक्रय योग्य थी और न ही दस्तावेज असली थे। इस संबंध में सिविल लाइंस थाना में केस दर्ज कर आर्थिक अपराध शाखा-II ने जांच शुरू की।
पुलिस ने पहले गिरोह के सदस्य विजय शर्मा को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 26 फरवरी 2026 को मुख्य आरोपी कविंद्र भाटी को भी गिरफ्तार कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी एक ही जमीन का कई बार फर्जी एग्रीमेंट कर ठगी कर चुका है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, NDPS, आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी सहित कुल 20 मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी न्यायिक हिरासत में है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
