गुरुग्राम: सेक्टर-37D मर्डर केस का खुलासा, 5 हजार का इनामी बदमाश सहित दो गिरफ्तार
गुरुग्राम, । गुरुग्राम पुलिस ने सेक्टर-37D स्थित रामा पार्क के पास 50 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस ब्लाइंड मर्डर केस को अपराध शाखा पालम विहार की टीम ने सुलझाया।
पुलिस के अनुसार 06 जनवरी 2026 को थाना सेक्टर-10 को सूचना मिली कि रामा पार्क के पास एक व्यक्ति खून से लथपथ सड़क किनारे पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल को सिविल अस्पताल, सेक्टर-10 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान संजय शर्मा (50), निवासी बसई इंक्लेव पार्ट-2, गुरुग्राम के रूप में हुई। मृतक के बेटे की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान निरीक्षक जयबीर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन पूछताछ के आधार पर दो आरोपियों—गुरुदत्त शर्मा उर्फ बालेश्वर शर्मा (56), निवासी रोहतक और अनिल (48), निवासी बागपत (उत्तर प्रदेश)—को गिरफ्तार किया। गुरुदत्त को देहरादून से तथा अनिल को मुजफ्फरनगर से पकड़ा गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गुरुदत्त और मृतक पूर्व में क्रेशर-बजरी के व्यवसाय में साझेदार थे। आपसी मनमुटाव के चलते साझेदारी टूट गई थी, जिसके बाद रंजिश बढ़ती गई। इसी दुश्मनी के चलते आरोपियों ने पहले मृतक की रेकी की और 06 जनवरी को उसकी कार को टक्कर मारकर उसे बाहर निकलने पर गोली मार दी।
पुलिस के मुताबिक, गुरुदत्त ने हत्या की साजिश और रेकी के लिए अनिल को 10 लाख रुपये दिए थे। आरोपियों ने योजना बनाने और पुलिस से बचने के तरीके यूट्यूब वीडियो देखकर सीखे थे। मामले में आगे की जांच जारी है।
