हरियाणा प्रदेश लिख रहा है समृद्धि की एक नई परिभाषा : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
गुरुग्राम, 26 जनवरी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज हरियाणा समृद्धि, पारदर्शिता और सुशासन की एक नई परिभाषा लिख रहा है। सरकार की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है और ‘जनता का शासन, जनता के लिए और जनता के द्वारा’ के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए प्रदेश प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री सोमवार को गुरुग्राम में आयोजित 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इससे पूर्व उन्होंने वीर शहीदी स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने हरियाणा पुलिस, महिला पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट्स व गाइड्स की परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली।
अपने संबोधन की शुरुआत मुख्यमंत्री ने अमर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों, संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन करते हुए की। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें देश की एकता, सांस्कृतिक गौरव और आत्मनिर्भरता की भावना का स्मरण कराता है। विविधताओं से भरा भारत सदैव एकता के सूत्र में बंधा रहा है और आज आत्मनिर्भर भारत विश्व मंच पर नई पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल अतीत को स्मरण करने का पर्व नहीं, बल्कि वर्तमान की उपलब्धियों और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प को दोहराने का अवसर भी है। उन्होंने बताया कि व्यवस्था परिवर्तन के लक्ष्य के साथ सरकार ने विधानसभा चुनावों में 217 संकल्प लिए थे, जिनमें से 54 संकल्प मात्र एक वर्ष में पूरे किए जा चुके हैं, जबकि शेष संकल्पों पर तेजी से कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि ‘बिना खर्ची–बिना पर्ची’ नौकरी नीति, ऑनलाइन रजिस्ट्री व्यवस्था, पारदर्शी ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी, पढ़ी-लिखी पंचायतें और अंत्योदय अभियान आज पूरे देश में हरियाणा की पहचान बन चुके हैं। इन नीतियों से आम नागरिक को सुशासन और पारदर्शिता का लाभ मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की प्रगति में हरियाणा का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। देश के कुल क्षेत्रफल का मात्र 1.34 प्रतिशत और जनसंख्या का 2.09 प्रतिशत होने के बावजूद हरियाणा देश की जीडीपी में 3.7 प्रतिशत का योगदान दे रहा है। 3 लाख 53 हजार रुपये प्रति व्यक्ति आय के साथ हरियाणा बड़े राज्यों में प्रथम स्थान पर है। प्रति व्यक्ति जीएसटी संग्रहण में भी राज्य देश में पहले स्थान पर है, जबकि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस रैंकिंग में हरियाणा टॉप अचीवर्स श्रेणी में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए सरकार निर्णायक कदम उठा रही है। नारी शक्ति को आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक रूप से सशक्त किया जा रहा है। मजबूत कानून व्यवस्था को सुरक्षित हरियाणा की नींव बताते हुए उन्होंने कहा कि किसान-हितैषी नीतियों और नवाचारों के माध्यम से किसानों को आत्मनिर्भर और प्रगतिशील बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने अंत में सभी प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर प्रदेश व देश की प्रगति में सहभागी बनने का आह्वान किया।
