मुख्य अतिथि चारुबाली भापुसे ने नागरिक जिम्मेदारी और राष्ट्र सेवा का दिया संदेश
गुरुग्राम, 26 जनवरी।
भोंडसी स्थित रिक्रूट प्रशिक्षण केन्द्र (RTC) में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, अनुशासन और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि चारुबाली भापुसे ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
मुख्य अतिथि चारुबाली भापुसे ने अपने संबोधन में कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक की स्वतंत्रता, समानता, न्याय और गरिमा का संरक्षक है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करे। उन्होंने पुलिस जवानों से संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर सेवा भावना के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया।
चारुबाली भापुसे ने कहा कि विज्ञान, तकनीक, शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में प्रगति करते हुए हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत और नैतिक मूल्यों को भी सहेजकर रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘अमृतकाल’ में आगे बढ़ता भारत सुनहरे भविष्य की ओर अग्रसर है, जिसमें सुरक्षा बलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पुलिस सेवा केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का संकल्प है, जिसका वास्तविक पुरस्कार जनता का विश्वास और सम्मान है।
मुख्य अतिथि ने पुलिस शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीद वीर पुलिसकर्मियों को नमन किया। इसके पश्चात उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड के माध्यम से तिरंगे को राष्ट्रीय सलामी दी। परेड का निरीक्षण मुख्य अतिथि द्वारा परेड कमांडर उप पुलिस अधीक्षक प्रथम वाहिनी आईआरबी भोंडसी, जयप्रकाश हपुसे के नेतृत्व में किया गया।
गणतंत्र दिवस पर आयोजित परेड में कुल छह प्लाटूनों ने भाग लिया। पुलिस जवानों ने अनुशासन, एकरूपता और जोश का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मुख्य अतिथि का अभिवादन किया। सहायक उप निरीक्षक मीना, नीतु, संगीता, सुरेन्द्र, पवन और विनोद कुमार ने प्लाटून कमांडर के रूप में परेड का नेतृत्व किया, जिसे उपस्थित अधिकारियों व दर्शकों ने सराहा।
इस अवसर पर उप पुलिस महानिरीक्षक विरेन्द्र विज भापुसे ने कहा कि परेड में शामिल सभी जवानों ने अल्प समय में बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी मेहनत और प्रशिक्षण की गुणवत्ता को सिद्ध किया है। उन्होंने मुख्य अतिथि चारुबाली भापुसे का कुशल मार्गदर्शन और कार्यक्रम में उपस्थित रहने के लिए आभार व्यक्त किया।
समारोह में पुलिस महानिरीक्षक विशेष कार्यबल हरियाणा सतीश बालान भापुसे, पुलिस अधीक्षक विशेष कार्यबल भोंडसी वसीम अकरम भापुसे, उप पुलिस अधीक्षक आरटीसी सुभाष चन्द हपुसे, अमरजीत सिंह हपुसे, प्रथम वाहिनी आईआरबी भोंडसी के उप पुलिस अधीक्षक महेश कुमार, राजेश लोहान, अशोक कुमार, निरीक्षक सुरेन्द्र, सीएलआई सुनील कुमार सहित उप निरीक्षक प्रविन्दर कुमार, राजबीर, कृष्ण, अब्दुल जब्बार, अनिता, मंजु तथा प्रथम वाहिनी आईआरबी और आरटीसी के अनेक अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में राष्ट्र की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति निष्ठा का संकल्प लिया।
