नगर निगम मानेसर के आयुक्त प्रदीप सिंह ने बुधवार को गांव नौरंगपुर स्थित वाटिका में नगर निगम की ओर से आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा स्वच्छ शहर अभियान में बेहतर काम करने वाले 28 सफाई मित्रों को सम्मानित किया। आयुक्त ने कहा कि निगम क्षेत्र में वार्ड वाइज सफाई की स्पर्धा होगी। बेहतर टीम को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
अपने संबोधन आयुक्त प्रदीप सिंह ने कहा कि मानेसर नगर निगम प्रदेश में नया नगर निगम है। हम सभी पर निगम क्षेत्र को स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी है। निगम अधिकारी और सफाई मित्र मिलकर क्षेत्र को साफ रखने का प्रण लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंक पाने के लिए हमें कमर कसनी होगी। मानेसर नगर निगम अच्छी रैंकिंग हासिल करेगा तो उसका पूरा श्रेय सफाई मित्रों को दिया जाएगा।
संयुक्त आयुक्त हितेंद्र कुमार ने भी सफाई मित्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सफाई मित्रों की बदौलत ही हम अपने आस-पास क्षेत्रों में सफाई देखते हैं। सफाई मित्रों को काम करने में किसी प्रकार की परेशानी आती है तो वे सीधे उनके कार्यालय में आकर मिलें। उनकी समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान सफाई मित्रों ने भी निगम क्षेत्र को स्वच्छ रखने का आश्वासन आयुक्त को देते हुए कहा कि हम सभी टीम की भांति काम कर रहे हैं, वह दिन दूर नहीं जब प्रदेश में सबसे स्वच्छ मानेसर नगर निगम होगा।
सफाई मित्रों ने निगम क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए पूर्ण सहयोग का वादा किया। इस दौरान आयुक्त, संयुक्त आयुक्त ने वाटिका प्रांगण में पौधारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में वार्ड 16 के पार्षद दयाराम, होशियार सिंह, सीएसआई विजय कौशिक, एसई मनोज कुमार, स्वच्छ भारत मिशन विशेषज्ञ जेनिथ चौधरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
