गुरुग्राम, 05 जनवरी।
हरियाणा के श्रम एवं रोजगार तथा युवा सशक्तिकरण और उद्यमिता विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन ने कहा कि सरकार द्वारा रोजगार सृजन को बढ़ावा देने तथा उद्योगों को नई दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके तहत युवाओं को अधिक अवसर उपलब्ध होंगे और उद्योगों को कार्यबल सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी। प्रधान सचिव राजीव रंजन सोमवार को गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर स्थित एचएसआईआईडीसी के सभागार में आयोजित एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में गुरुग्राम, मानेसर, रेवाड़ी से विभिन्न औद्योगिक एसोसिएशन केपदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रधान सचिव राजीव रंजन ने कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार द्वारा 1 अगस्त 2025 से “प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना” को लागू किया गया है। विकसित भारत पहल के अनुरूप तैयार की गई यह योजना देशभर में समावेशी एवं स्थायी रोजगार अवसरों के सृजन में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि ने यह योजना विभिन्न क्षेत्रों में नए रोजगारों को प्रोत्साहित करेगी तथा विनिर्माण सेक्टर पर विशेष ध्यान केंद्रित करेगी। योजना के दो प्रमुख भाग निर्धारित किए गए हैं।जिसके बारे में उन्होंने विस्तार से जानकारी दी।
