गुरुग्राम। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुग्राम यातायात पुलिस ने व्यापक रणनीति तैयार की है। इसी कड़ी में पुलिस उपायुक्त यातायात डा. राजेश मोहन ने अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में सहायक पुलिस आयुक्त यातायात मुख्यालय/हाईवे सत्यपाल यादव, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात पूर्व संजय सहित सभी यातायात निरीक्षक व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि होली के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके लिए शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों, मॉल, आवासीय कॉलोनियों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष नाकाबंदी की जाएगी। पुलिसकर्मी पूर्ण सतर्कता और मुस्तैदी के साथ तैनात रहेंगे ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।
यातायात पुलिस ने साफ किया है कि शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, स्टंटबाजी, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने, बिना हेलमेट या सीट बेल्ट वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट या एचएसआरपी प्लेट के वाहन चलाने, ब्लैक फिल्म लगाने, गलत दिशा में वाहन चलाने तथा हुड़दंग या खतरनाक ड्राइविंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए जाएंगे और आवश्यक होने पर वाहन भी जब्त किए जा सकते हैं।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली का पर्व जिम्मेदारी, संयम और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं। यातायात नियमों का पालन कर अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें, ताकि त्योहार खुशियों और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।
