गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने उत्तर प्रदेश से जेल से फरार 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद काबू करने में सफलता हासिल की है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार 26/27 फरवरी की रात को अपराध शाखा मानेसर के इंचार्ज उप-निरीक्षक मनोज कुमार को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि कन्नौज (उत्तर प्रदेश) से फरार इनामी आरोपी बाइक पर अवैध हथियार के साथ पचगांव चौक से गांव खोह कासन की ओर आने वाला है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर विशेष टीम गठित की गई और पचगांव चौक के पास नाकाबंदी की गई।
कुछ देर बाद संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने बाइक गिराकर भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। इसके बाद उसे काबू कर लिया गया।
आरोपी की पहचान अंकित कुमार उर्फ गुड्डा (24) निवासी हजूरापुर, जिला कन्नौज (उप्र), हाल निवासी खोह, गुरुग्राम के रूप में हुई। घटनास्थल से एक बाइक, एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और पांच खाली खोल बरामद किए गए। मुठभेड़ में कुल पांच राउंड फायर हुए, जिनमें से तीन आरोपी और दो पुलिस की ओर से किए गए।
बताया गया है कि आरोपी जनवरी 2026 में जेल से फरार हो गया था और उस पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था। उसके खिलाफ चोरी, लूट और शस्त्र अधिनियम के तहत छह मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
