गुरुग्राम, 22 जनवरी।
गुरुग्राम पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से मारपीट कर एक डिलीवरी बॉय के अपहरण की गंभीर वारदात को समय रहते विफल कर दिया गया। पुलिस की ईआरवी टीम ने मौके पर पहुंचकर दो आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर पीड़ित को सुरक्षित उनके चंगुल से छुड़ा लिया।
पुलिस के अनुसार, 21 जनवरी 2026 को थाना खेड़की दौला, गुरुग्राम में एक व्यक्ति ने लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता गुरुग्राम स्थित एक निजी कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्य करता है। उसने बताया कि 21 जनवरी की शाम करीब 5:15 बजे वह अपने साथी पंकज के साथ कंपनी का सामान डिलीवर कर ईको गाड़ी से वापस लौट रहा था। जब वे एसपीआर रोड पर सुजुकी कंपनी के पास पहुंचे, तभी एक स्विफ्ट कार ने उनकी गाड़ी के आगे अचानक रास्ता रोक लिया। इसी दौरान एक अन्य कार भी वहां आ गई।
कार से उतरे जयबीर, अमन और उनके कुछ साथियों ने शिकायतकर्ता को जबरदस्ती गाड़ी से बाहर खींच लिया और लात-घूंसे तथा लकड़ी के डंडों से मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसे जबरन अपनी कार में डाल लिया और अपहरण कर ले जाने लगे। इसी बीच पीड़ित के साथी पंकज ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके चलते गुरुग्राम पुलिस की ईआरवी टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस टीम को देखकर आरोपी घबरा गए और ईआरवी टीम ने तत्परता दिखाते हुए जयबीर और अमन को कार सहित मौके से काबू कर लिया। पुलिस ने पीड़ित को सुरक्षित छुड़ा लिया और आरोपियों को थाना खेड़की दौला ले जाया गया। इस संबंध में थाना खेड़की दौला में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयबीर (26) निवासी गांव बारवास, जिला भिवानी तथा अमन (21) निवासी गांव गारनपुरा, जिला भिवानी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वर्ष 2024 में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद के चलते उन्होंने शिकायतकर्ता से रुपये वसूलने के लिए अपहरण की साजिश रची थी। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त एक कार और लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
