गुरुग्राम, 22 जनवरी।
गुरुग्राम पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर महिलाओं से धोखाधड़ी कर उनके गहने हड़पने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से इस तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस के अनुसार, 5 दिसंबर 2025 को एक महिला ने थाना उद्योग विहार में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 4 दिसंबर को वह अपनी सहेली के साथ नौकरी की तलाश में उद्योग विहार फेस-1 क्षेत्र गई थी। इसी दौरान राम चौक के पास एक युवक मोटरसाइकिल पर आया और नौकरी के बारे में पूछताछ की। नौकरी की तलाश की बात बताने पर उसने दोनों को नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया और एक कंपनी के बाहर ले गया।
आरोपी ने महिलाओं को बाहर खड़ा कर कंपनी के गार्ड से बातचीत की और लौटकर कहा कि उनकी नौकरी लग गई है। इसके बाद उसने यह कहकर कि कंपनी परिसर में गहने पहनना मना है, दोनों महिलाओं से उनके गहने उतरवा लिए और मौके से फरार हो गया। इस मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया।
जांच के दौरान अपराध शाखा पालम विहार की टीम ने 21 जनवरी को बसई चौक से आरोपी सम्यक (24), निवासी कन्नौज, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने दो अन्य ऐसी घटनाओं को अंजाम देने की बात भी स्वीकार की है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।
