गुरुग्राम, 20 जनवरी 2026। सड़क सुरक्षा माह–जनवरी 2026 के तहत गुरुग्राम यातायात पुलिस द्वारा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. राजेश मोहन, आईपीएस के निर्देशन में तथा यातायात निरीक्षक सुनील कुमार के सहयोग से संपन्न हुआ।
अभियान के अंतर्गत सदर बाजार, अग्रसेन चौक और महावीर चौक जैसे व्यस्त सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया। इन नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से वाहन चालकों, पैदल यात्रियों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के महत्व और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
कलाकारों ने रोचक और प्रभावशाली शैली में हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचाव, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, पैदल यात्रियों के अधिकारों तथा यातायात संकेतों के पालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत किया। नुक्कड़ नाटक के जरिए यह संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन भर नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी भी है।
कार्यक्रम के दौरान गुरुग्राम यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। पुलिस ने कहा कि सभी के सहयोग से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।
