चंडीगढ़, 20 जनवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने नितिन नबीन के भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में भाजपा का विजय रथ देशभर में निरंतर आगे बढ़ रहा है और नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में यह रथ और अधिक तेज़ गति से आगे बढ़ेगा। मुख्यमंत्री मंगलवार को दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नितिन नबीन के पास संगठनात्मक और प्रशासनिक दोनों प्रकार का समृद्ध अनुभव है। वे बिहार राज्य से पांच बार विधायक निर्वाचित हुए हैं और बिहार सरकार में मंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। विभिन्न दायित्वों पर कार्य करने के कारण उन्हें संगठन और प्रशासन की गहरी समझ है, जिसका लाभ निश्चित रूप से भाजपा को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस वक्तव्य पर भी प्रसन्नता व्यक्त की, जिसमें उन्होंने आगामी समय में एक लाख युवाओं को राजनीति में लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि यह भाजपा की युवाओं को आगे बढ़ाने और नेतृत्व विकसित करने की दूरदर्शी सोच को दर्शाता है।
