गुरुग्राम।
हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि वर्ष 2029 तक बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में कोई भी विकास कार्य लंबित नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के तहत किए जा रहे हैं, जिससे पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखें और किसी भी कमी की सूचना संबंधित अधिकारियों को दें।
राव नरबीर सिंह शनिवार को वार्ड नंबर 18 में बादशाहपुर–दरबारीपुर रोड स्थित कबड्डी मैदान में आयोजित विकास कार्यों के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने 3.5 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाली सीवर लाइन और बाउंड्री वॉल सहित विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
मंत्री ने कहा कि भाजपा शासन के पिछले 11 वर्षों में प्रदेश में ऐतिहासिक विकास और व्यवस्था परिवर्तन हुआ है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, रोजगार और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं, जिससे आम जनता के जीवन स्तर में सुधार आया है।
विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों को उन्होंने पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में सरकार जनता के मत से बनती है और चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होती है।
