चंडीगढ़ , 14 जनवरी : हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण तथा मत्स्य पालन मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि राज्य के मत्स्य पालकों को अपनी मछली बेचने के लिए उनके नजदीक मार्किट उपलब्ध करवाने की कार्य योजना तैयार करें ताकि उनको दूर दराज के क्षेत्र में बिक्री के लिए न जाना पड़े।
श्री राणा आज यहां अपने कार्यालय में मत्स्य पालन विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ बजट-पूर्व परामर्श बैठक में चर्चा कर रहे थे। इस अवसर पर विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री राजा शेखर वुंडरू के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मत्स्य पालन मंत्री ने गत वर्ष के बजट के दौरान मत्स्य पालन विभाग को अलॉट किये गए बजट के उपयोग की बाबत पूछा तथा विभिन्न योजनाओं के लिए आगामी बजट हेतु धन की डिमांड करने की रुपरेखा बनाने के निर्देश दिए।
श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रख कर योजनाओं को तीव्रगति से अमलीजामा पहनाएं। उन्होंने मत्स्य पालन के लिए तैयार किये जाने वाले तालाबों पर सोलर लाइट लगाने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए , इससे जहां बिजली खर्च में कटौती होगी वहीं प्रदूषण भी कम होगा।
