हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन विनीत गर्ग की अध्यक्षता में हुई बैठक
ड्रेनों की टैपिंग, एसटीपी-सीईटीपी और बंधवाड़ी लीगेसी कचरे के निस्तारण पर जोर
सीवर कचरे की अवैध डंपिंग करने वाले टैंकर संचालकों पर चालान और एफआईआर के आदेश
लेग-1, लेग-2 और लेग-3 ड्रेनों की जल गुणवत्ता सुधार के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
गुरुग्राम, 13 जनवरी। हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन विनीत गर्ग ने मंगलवार को गुरुग्राम स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में यमुना एक्शन प्लान के अंतर्गत प्रदूषण नियंत्रण और राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) द्वारा कचरा प्रबंधन को लेकर दिए निर्देशों की अनुपालना में बंधवाड़ी लीगेसी कचरे के निस्तारण की प्रगति को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में गुरुग्राम की बादशाहपुर की लेग एक, दो और तीन तथा झज्जर जिले की ड्रेन संख्या 8 एवं मुंगेशपुर ड्रेन को प्रदूषण से मुक्त करने के उद्देश्य से तैयार किए गए एक्शन प्लान की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में फरीदाबाद के डिवीजनल कमिश्नर संजय जून, गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के सीईओ पी.सी. मीणा, डीसी अजय कुमार, नगर निगम मानेसर के आयुक्त प्रदीप सिंह, हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव योगेश कुमार, एडीसी सोनू भट्ट सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
