युवा शॉर्ट कट से बचें, शॉर्ट कट परेशानी का कारण होता है : नबीन
भाजपा में वंशवाद की नहीं, कर्मठता और योग्यता की पूजा होती है : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को राष्ट्र भक्ति का मंत्र दिया : बड़ौली
गुरुग्राम, 12 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि हमारे प्रेरणा पुरुष स्वामी विवेकानंद ने हमेशा युवा शक्ति पर भरोसा किया है। स्वामी विवेकानंद का मानना था कि जब-जब देश आगे बढ़ेगा और नई ऊंचाइयों को छूएगा उस ऊंचाई का नेतृत्व युवा करता दिखाई देगा। युवाओं से अपील की कि देश का युवा विकसित भारत बनाने में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत विजन को पूरा करने में अपना योगदान दें।
श्री नबीन रविवार को गुरुग्राम में स्वामी विवेकानंद जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले गुरुग्राम पहुंचने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली समेत तमाम कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या और खेल मंत्री गौरव गौतम ने भी संबोधित किया।
भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि आज हम इस बात के साक्षी हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर के युवाओं को प्रेरणा और नेतृत्व दिया है। युवाओं का आह्वान करते हुए श्री नबीन ने कहा कि हम सभी को मिलकर विकसित भारत बनाना है और युवाओं को नेतृत्व के लिए आगे आना होगा। राष्टीय युवा दिवस के अवसर पर सर्वप्रथम श्री नबीन ने युवाओं के प्रेरणा पुरूष स्वामी विवेकानंद को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया।
