गुरुग्राम, । गुरुग्राम पुलिस द्वारा पुलिस लाइन, गुरुग्राम में आठ पुलिसकर्मियों के सेवानिवृत्त होने पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त कर्मियों को भावभीनी विदाई दी।
सेवानिवृत्त होने वालों में निरीक्षक महेंद्र सिंह, ऑनरी निरीक्षक कृष्ण कुमार, ऑनरी निरीक्षक बलवीर सिंह, ऑनरी निरीक्षक देवेंद्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक मुकेश कुमार, ई/एसआई सुधीर कुमार, ई/एएसआई हरकेश तथा सिपाही रमेश शामिल हैं। सभी ने अपने लंबे सेवा-काल में निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस उपायुक्त (पूर्व) गौरव राजपुरोहित उपस्थित रहे। उनके साथ सहायक पुलिस आयुक्त मुख्यालय सुशीला तथा सहायक पुलिस आयुक्त पश्चिम अभिलक्ष जोशी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को शॉल, स्मृति-चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विकास कुमार अरोड़ा, पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम ने भी सभी को उनके उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए धन्यवाद देते हुए उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह गरिमामय और भावनात्मक माहौल में संपन्न हुआ।