गुरुग्राम। अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम पुलिस ने बिना होलोग्राम और ट्रैक एंड ट्रेस लेबल की 120 पेटी विदेशी शराब बरामद की है। मामले में दो ठेका मालिकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक सेल्समैन को पहले ही काबू किया जा चुका है। कार्रवाई थाना शिवाजी नगर क्षेत्र में की गई।
पुलिस के अनुसार, 19 फरवरी 2026 को एक्साइज टीम से सूचना मिली थी कि राजीव चौक पार्किंग एरिया स्थित एक शराब के ठेके पर बिना वैध होलोग्राम वाली विदेशी शराब रखी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एक्साइज अधिकारियों के साथ संयुक्त जांच की। जांच के दौरान 120 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई, जिन पर न तो होलोग्राम था और न ही ट्रैक एंड ट्रेस लेबल लगा हुआ था।
मौके से सेल्समैन विनोद कुमार (38), निवासी गांव मोहाना, जिला बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) को हिरासत में लिया गया। बरामदगी के आधार पर थाना शिवाजी नगर में एक्साइज एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की आगे की जांच अपराध शाखा सेक्टर-31 को सौंपी गई। जांच के दौरान 24 फरवरी को पुलिस ने दो आरोपियों—दीपक चौधरी (निवासी सेक्टर-4, गुरुग्राम) और सतीश कुमार (निवासी वजीराबाद, हाल निवासी सेक्टर-52, गुरुग्राम)—को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी उक्त ठेके के मालिक हैं और अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से अवैध शराब की बिक्री कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने यह शराब किसी अन्य सप्लायर से खरीदी थी।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अवैध आपूर्ति श्रृंखला की कड़ियों को भी खंगाला जा रहा है।
