गुरुग्राम में अत्याधुनिक यातायात नियंत्रण कक्ष का शुभारंभ
गुरुग्राम, शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा तकनीक-संचालित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा ने 24 फरवरी को ट्रैफिक टावर स्थित आधुनिकीकृत यातायात नियंत्रण कक्ष का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एवं Gurugram Metropolitan Development Authority (GMDA) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
नवीनतम तकनीक से सुसज्जित इस नियंत्रण कक्ष में अत्याधुनिक वीडियो वॉल स्थापित की गई है, जिसके माध्यम से शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की 24 घंटे लाइव मॉनिटरिंग की जा सकेगी। पहले ट्रैफिक से जुड़ी लाइव फीड और सूचनाओं के लिए GMDA स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब यह सुविधा सीधे ट्रैफिक टावर से उपलब्ध होगी।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि तकनीक की मदद से रेड लाइट के समय का बेहतर प्रबंधन किया जाएगा, जिससे जाम की समस्या को कम करने में सहायता मिलेगी। किसी भी स्थान पर ट्रैफिक जाम, दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति की सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस सहायता भेजी जा सकेगी। साथ ही ऑनलाइन चालान प्रक्रिया के दौरान संबंधित स्थान की लाइव स्थिति देखकर अधिक पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नियंत्रण कक्ष में ट्रैफिक कर्मियों के लिए आधुनिक कार्यस्थल भी तैयार किया गया है। यहां 8 नए कंप्यूटर सिस्टम, नई टेबल और कुर्सियों की व्यवस्था की गई है, जिससे कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा।
प्रशासन का मानना है कि इस नई व्यवस्था से ट्रैफिक प्रबंधन में त्वरित निर्णय, बेहतर समन्वय और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा सुनिश्चित होगी।
