गुरुग्राम: गुरुग्राम में आयोजित एसबीआई इंटर सर्किल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का समापन रविवार को रोमांचक मुकाबलों और शानदार प्रदर्शन के साथ हुआ। टूर्नामेंट के अंतिम दिन खेले गए दो हाई-वोल्टेज मैचों ने सभी को अंत तक बांधे रखा। फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि देबाशीष मिश्रा, मुख्य महाप्रबंधक, दिल्ली सर्कल, भारतीय स्टेट बैंक रहे।
टूर्नामेंट के ग्रैंड फिनाले में गांधीनगर सर्किल ने दमदार प्रदर्शन करते हुए तिरुवनंतपुरम सर्किल को *10 विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए तिरुवनंतपुरम की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 196 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गांधीनगर की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए महज 18 ओवर में बिना किसी विकेट के नुकसान के 197 रन बनाकर एकतरफा जीत दर्ज की।
गांधीनगर की इस जीत के नायक देवांश रहे, जिन्होंने नाबाद 111 रन (57 गेंद) की तूफानी पारी खेली। उनकी पारी में 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। इसके साथ ही उन्होंने गेंदबाजी में भी योगदान देते हुए एक ओवर में 24 रन खर्च किए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच और सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया। वहीं, गांधीनगर के क्षितिज पटेल ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट झटके और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार हासिल किया।
इससे पहले तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में बेंगलुरु सर्किल ने हैदराबाद को 5 रन से हराकर टूर्नामेंट में तीसरा स्थान प्राप्त किया। मुकाबला अंतिम ओवर तक रोमांचक बना रहा। बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 4 विकेट पर 162 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद की टीम 15 ओवर में 5 विकेट खोकर 157 रन ही बना सकी।
बेंगलुरु की जीत में अरुष ए जोशी का अहम योगदान रहा। उन्होंने 24 गेंदों पर 58 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल थे। साथ ही उन्होंने 3 ओवर गेंदबाजी कर 30 रन खर्च किए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। बेंगलुरु के एम.के. मंजनाथ ने 37 गेंदों पर 60 रन बनाकर सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का सम्मान प्राप्त किया, जबकि पवन देशपांडे ने 3 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट लेकर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार जीता।
पांच दिनों तक चले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देशभर के 17 एसबीआई सर्किलों की टीमों ने भाग लिया और कुल 32 मुकाबले खेले गए।
