गुरुग्राम, 13 जनवरी।
विश्व हिंदी दिवस–2026 के अवसर पर ईएसआईसी उप क्षेत्रीय कार्यालय, गुरुग्राम में हिंदी कार्यशाला सह संगोष्ठी एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त निदेशक (कार्यान्वयन), भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग, नई दिल्ली कुमार पाल शर्मा द्वारा कार्यालय अध्यक्ष सुनील यादव की अध्यक्षता में सरस्वती वंदना एवं पंचदीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
विश्व हिंदी दिवस–2026 की थीम “हिंदी: पारंपरिक ज्ञान से कृत्रिम बुद्धिमत्ता तक” के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में कार्यालय प्रमुख द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का वाचन किया गया। इसके उपरांत प्रतिभागियों द्वारा कविता, गीत, ग़ज़ल सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रशासन शाखा को अंतर-शाखा कार्यालयी राजभाषा चल शील्ड योजना के अंतर्गत शील्ड एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उप निदेशक सचिन सिंह को हिंदी डिक्टेशन योजना वर्ष 2024-25 के अंतर्गत प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
