व्हाट्सऐप पर धमकी देकर 5 लाख रुपयों की फिरौती मांगने का था मामला।आरोपी ने सोशल मीडिया पर कुख्यात गैंगस्टरों के नामों की सर्चिंग करके दिया था वारदात को अंजाम।
गुरुग्राम:
थाना बादशाहपुर, गुरुग्राम क्षेत्र के अंतर्गत सोहना रोड स्थित एरिया मॉल को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस सम्बन्ध में निरीक्षक विजयपाल, प्रबन्धक थाना बदशाहपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 06 जनवरी 2026 को पुलिस थाना बादशाहपुर को शिकायत प्राप्त हुई थी कि एरिया मॉल के अधिकारित व्हाट्सएप नंबर पर एक अज्ञात मोबाईल नंबर से धमकी भरा संदेश भेजा गया है। संदेश में मॉल को अगले दिन नुकसान पहुंचाने की बात कही गई थी।
जब मॉल प्रबंधन द्वारा उक्त नंबर पर संपर्क किया गया तो आरोपी ने स्वयं को अपराधों में सक्रिय व प्रभावशाली बताने का प्रयास करते हुए ₹5 लाख की फिरौती की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और मामले की जांच उपरान्त अज्ञात आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत पुलिस थाना बदशाहपुर, गुरुग्राम में अभियोग अंकित किया गया।
