मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पेश किया 2026-27 का जनभागीदारी आधारित बजट : अरविंद सैनी
गुरुग्राम। अरविंद सैनी ने कहा कि नायब सिंह सैनी द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 का बजट हरियाणा के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने इसे “जनता की सलाह से, जनता के लिए तैयार किया गया बजट” बताया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश को विकसित राज्य बनाने के लिए एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का लक्ष्य निर्धारित किया है।
इस बजट का कुल आकार 2,23,658 करोड़ रुपये रखा गया है, जो वर्ष 2025-26 के संशोधित अनुमान से 10.28 प्रतिशत अधिक है। अरविंद सैनी ने बताया कि बजट निर्माण प्रक्रिया में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की गई। मुख्यमंत्री ने 13 बैठकों के माध्यम से 2,199 सुझाव प्राप्त किए, जबकि एआई चैटबॉट के जरिए 12,400 सुझाव मिले। इनमें से लगभग 5,000 सुझावों को बजट में शामिल किया गया।
उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में हरियाणा की जीडीपी तीन गुना बढ़ी है और प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए ‘हरियाणा क्लीन एयर प्रोजेक्ट’ को विश्व बैंक की स्वीकृति मिली है। साथ ही, 474 करोड़ रुपये के ‘हरियाणा एआई मिशन’ के तहत 1 लाख युवाओं को एआई प्रशिक्षण दिया जाएगा।
किसानों और श्रमिकों के लिए भी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। अकुशल श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी बढ़ाकर 15,200 रुपये प्रतिमाह की जाएगी। ‘हरियाणा एग्री डिस्कॉम’ के गठन से किसानों को बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। ‘मेरा पानी-मेरी विरासत योजना’ के तहत अतिरिक्त बोनस तथा जैविक खेती को प्रोत्साहन देने के प्रावधान भी किए गए हैं।
अरविंद सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है और हरियाणा इस लक्ष्य को प्राप्त करने में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
