मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे शुभारंभ, 38वें नेशनल गेम्स के पदक विजेताओं का होगा सम्मान
गुरुग्राम, 5 फरवरी।
गुरुग्राम में 9 से 11 फरवरी तक राज्य स्तरीय सीएम कप-2025 प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर 38वें नेशनल गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। इस तीन दिवसीय खेल महाकुंभ का शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा किया जाएगा।
आयोजन की तैयारियों को लेकर लघु सचिवालय, गुरुग्राम में एडीसी सोनू भट्ट की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडीसी ने बताया कि सीएम कप-2025 में प्रदेश के सभी जिलों से लगभग 3600 खिलाड़ी भाग लेंगे, जबकि करीब 500 नेशनल अवॉर्डी खिलाड़ी भी इस समारोह में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
एडीसी सोनू भट्ट ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि खेल स्थलों की तैयारियों, खिलाड़ियों व अतिथियों के ठहराव, खान-पान, पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि सम्मान समारोह को गरिमामय और स्मरणीय बनाया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
खेल उपनिदेशक गिरिराज सिंह ने जानकारी दी कि सीएम कप-2025 के अंतर्गत अधिकांश मुकाबले नेहरू स्टेडियम और ताऊ देवीलाल स्टेडियम, गुरुग्राम में आयोजित किए जाएंगे। इन स्टेडियमों में फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, हैंडबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि खो-खो प्रतियोगिता पलवल जिले में आयोजित की जाएगी।
जिला खेल अधिकारी आरती कोहली ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल खेलों के लिए जिला स्तरीय ट्रायल 5 फरवरी से विभिन्न खेल स्थलों पर शुरू हो चुके हैं। एडीसी ने आमजन से अपील की कि वे अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और प्रदेश में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने में सहयोग दें।
