पुलिस उपायुक्त यातायात डा. राजेश मोहन IPS द्वारा दौलताबाद, कापड़ीवास एवं न्यू कॉलोनी क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि संबंधित क्षेत्रों में तैनात जोनल अधिकारियों द्वारा चालान की कार्यवाही करते समय बॉडी कैमरा का प्रयोग किए जाने संबंधी पूर्व में जारी आदेशों की समुचित पालना नहीं की जा रही थी। आदेशों की अवहेलना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त यातायात द्वारा जोनल अधिकारी दौलताबाद चौक सहायक उप निरीक्षक सुरेश, जोनल अधिकारी कापड़ीवास बॉर्डर सहायक उप निरीक्षक रामरिछपाल एवं जोनल अधिकारी न्यू कॉलोनी सहायक उप निरीक्षक सतीश को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
इसके अतिरिक्त निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि जोनल अधिकारी दौलताबाद चौक सहायक उप निरीक्षक सुरेश द्वारा प्रयोग की जा रही निजी गाड़ी पर वैध रजिस्ट्रेशन नंबर उपलब्ध होने के बावजूद Temp. नंबर प्लेट लगाई गई थी। यातायात नियम उल्लंघन पर संबंधित गाड़ी का नियमानुसार चालान भी किया गया।
पुलिस उपायुक्त यातायात ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों एवं विभागीय आदेशों का पालन सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए अनिवार्य है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस प्रकार की औचक जांच एवं सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
