गुरुग्राम, 23 जनवरी
फरुखनगर थाना क्षेत्र में आपसी झगड़े की रंजिश के चलते 28 वर्षीय युवक का अपहरण कर लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई करने और इलाज के दौरान उसकी मौत हो जाने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त मानेसर श्री दीपक जेवरिया, आईपीएस के निर्देशों पर थाना फरुखनगर और क्राइम ब्रांच फरुखनगर की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस के अनुसार, 17 जनवरी 2026 की शाम गांव खंडेवला निवासी विनीत (28) खेत से काम कर घर लौट रहा था। गांव के पंचायती भवन के पास एक इरटिगा कार में सवार कपिल, सागर, सागर उर्फ चीनू, जोगिंद्र और सत्यप्रकाश ने उसे जबरन पकड़कर गाड़ी में डाल लिया और अपहरण कर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने विनीत को सुनसान स्थान पर ले जाकर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा और गंभीर हालत में चिरंजीवी अस्पताल के सामने छोड़कर फरार हो गए।
18 जनवरी को घायल विनीत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरुखनगर में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे सिविल अस्पताल सेक्टर-10 गुरुग्राम रेफर किया गया। बाद में उसे आर्टिमिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बयान देने के लिए अनफिट बताया। 20 जनवरी को इलाज के दौरान विनीत की मौत हो गई।
मृतक के चाचा की शिकायत पर पुलिस ने पहले अपहरण और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया था। विनीत की मौत के बाद प्रकरण में हत्या की धाराएं भी जोड़ दी गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित जांच करते हुए 22 जनवरी को पंचगांव चौक से सभी पाँच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा वारदात में प्रयुक्त वाहन और अन्य साक्ष्यों की बरामदगी की जा रही है। पुलिस ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
