गुरुग्राम में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस का विशेष जागरूकता अभियान
गुरुग्राम, 21 जनवरी 2026।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उन्हें विभिन्न अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुग्राम पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस आयुक्त श्री विकास कुमार अरोड़ा, आईपीएस तथा पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) डॉ. अर्पित जैन, आईपीएस के निर्देशानुसार महिला निरीक्षक गीता, प्रभारी महिला थाना पश्चिम, गुरुग्राम के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।
यह जागरूकता कार्यक्रम 21 जनवरी को पेस सिटी-2, सेक्टर-37 स्थित भारत एंटरप्राइजेज और अनंता सोर्सिंग कंपनियों में आयोजित किया गया, जिसमें वहां कार्यरत कर्मचारियों और स्टाफ को महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों, साइबर अपराधों, पॉक्सो अधिनियम, आत्मरक्षा के उपायों तथा नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने बताया कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों की रोकथाम के लिए कानून में सख्त प्रावधान किए गए हैं। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए कर्मचारियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया अपराधों से बचाव के उपायों और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। इसके साथ ही नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डायल-112 और दुर्गा शक्ति मोबाइल ऐप के उपयोग की जानकारी भी दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि इन ऐप्स को मोबाइल फोन में एक बार इंस्टॉल कर आवश्यक विवरण अपडेट करने के बाद किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है। मौके पर मौजूद कर्मचारियों के मोबाइल फोन में ऐप्स इंस्टॉल कर उनके प्रयोग का प्रशिक्षण भी दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस टीम ने अपील की कि किसी भी अपराध की सूचना या संदेह होने पर तुरंत पुलिस को अवगत कराएं। उपस्थित कर्मचारियों और स्टाफ ने इस पहल की सराहना करते हुए गुरुग्राम पुलिस का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।
