मानेसर में बनेंगे आयुष्मान आरोग्य मंदिर, विकास को मिलेंगी नई रफ्तार : आरती राव
मानेसर, 20 जनवरी।
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा कि मानेसर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही नगर निगम मानेसर क्षेत्र में सीएचसी और पीएचसी में सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि आमजन को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम जिले में निर्माणाधीन सरकारी अस्पताल में मरीजों के लिए बेड की संख्या बढ़ाकर 600 की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री मंगलवार को मानेसर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में पार्षदों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने कहा कि मानेसर एक नया और तेजी से विकसित हो रहा क्षेत्र है, जहां विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों के विश्वास और समर्थन के कारण ही प्रदेश में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है और सरकार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।
आरती राव ने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के प्रयासों से आरआरटीएस परियोजना को जल्द गति मिलेगी, जिससे विशेष रूप से मानेसर और गुरुग्राम क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने बताया कि द्वारका एक्सप्रेस-वे और हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स से जिले के विकास को पंख लगेंगे और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
नगर निगम मानेसर की मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव ने स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र में सीएचसी और पीएचसी की संख्या बढ़ाने की मांग रखी, जिस पर स्वास्थ्य मंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया।
इस अवसर पर आरती राव ने गांव कासन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गांव के विकास के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने मानेसर सेक्टर-1, गांव बढ़ा और हयातपुर में आयोजित कार्यक्रमों में जनता को संबोधित किया। सभी स्थानों पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों, फूलमालाओं और आतिशबाजी के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
