
ईरान में बढ़ते विरोध-प्रदर्शनों और सत्ता पर दबाव के बीच एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है. ब्रिटिश अखबार द टाइम्स ने एक खबर में खुफिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया है कि, ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के पास देश छोड़ने की बैक-अप योजना है. यह खबर ऐसे समय में आई है जब ईरान के प्रदर्शन को अमेरिका समर्थन दे रहा है. रिपोर्ट कहती है कि अगर सुरक्षा बल विरोध को काबू में रखने में नाकाम रहे या उनके अंदर से ही विद्रोह शुरू हुआ, तो खामेनेई अपने परिवार और करीबी सहयोगियों के साथ मॉस्को भाग सकते हैं. रिपोर्ट के अनुसार 86 वर्षीय खामेनेई का यह ‘प्लान-B’ उनके बेहद करीबी 20 लोगों तक सीमित है, जिसमें उनके बेटे और कथित उत्तराधिकारी मोजतबा खामेनेई भी शामिल हैं. एक खुफिया सूत्र के हवाले से कहा गया है कि रूस उनके लिए ‘एकमात्र सुरक्षित ठिकाना’ है, क्योंकि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से उनकी नजदीकी और वैचारिक-रणनीतिक समझ रही है.
