डीसी अजय कुमार ने गुरुग्राम वासियों को दी होली की शुभकामनाएं, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण उत्सव की अपील
गुरुग्राम। डीसी अजय कुमार ने होली के पावन पर्व पर जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और अपील की कि सभी नागरिक इस त्योहार को जिम्मेदारी, संयम और भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि होली प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रतीक है, इसलिए इसे पर्यावरण के अनुकूल और सुरक्षित तरीके से मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
डीसी ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे पानी की अनावश्यक बर्बादी से बचें और सूखे रंगों या गुलाल से होली खेलने को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि रासायनिक रंगों और हानिकारक पदार्थों के उपयोग से त्वचा और स्वास्थ्य पर दुष्प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए केवल हर्बल और इको-फ्रेंडली रंगों का ही प्रयोग करें। जल संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि पानी बचाना आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है और इसे दैनिक जीवन की आदत बनाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि होली को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाने के लिए राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा “सुरक्षित होली अभियान” चलाया जा रहा है। विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी में कीचड़, अंडे, रासायनिक रंग या अन्य हानिकारक पदार्थों के प्रयोग से बचने की सलाह दी गई है। सड़कों पर चलती गाड़ियों पर रंग या पत्थर फेंकने जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
एडवाइजरी में यह भी स्पष्ट किया गया है कि किसी के साथ जबरदस्ती होली न खेलें, बुजुर्गों और विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें तथा नशे और अश्लील या भड़काऊ गीतों से दूर रहें। डीसी ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक हेल्पलाइन नंबर 112, 1077 और 1070 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से गुरुग्राम में होली का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जाएगा।
