गुरुग्राम | 21 जनवरी 2026
अपराध शाखा सेक्टर-39, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर चोरी की बाइक पर सवार एक आरोपी को अवैध हथियार सहित काबू करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की गिरफ्तारी से वाहन चोरी के तीन मामलों का भी खुलासा हुआ है।
दिनांक 20 जनवरी 2026 को अपराध शाखा सेक्टर-39, गुरुग्राम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक चोरी की बाइक और अवैध हथियार के साथ मार्बल मार्केट, सेक्टर-34 गुरुग्राम क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुभाष पार्क, हीरो होंडा चौक से सेंट्रल पार्क जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने एक युवक को बिना नंबर प्लेट की बाइक पर बैठे देखा। पुलिस को देखकर वह युवक बाइक स्टार्ट कर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान शराफत (उम्र 25 वर्ष), निवासी गांव मलाब फतेहपुर, जिला नूंह (हरियाणा) के रूप में हुई।
आरोपी से बाइक के कागजात मांगे जाने पर उसने स्वीकार किया कि यह बाइक उसने बादशाहपुर, गुरुग्राम से चोरी की थी। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 01 देशी कट्टा, 01 जिंदा कारतूस तथा 01 मास्टर चाबी बरामद हुई।
अवैध हथियार व चोरी की बाइक बरामद होने पर आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम एवं BNS की संबंधित धाराओं के तहत पुलिस थाना सदर, गुरुग्राम में अभियोग अंकित कर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशा करने व चोरी करने का आदतन अपराधी है और हथियार अपने पास रखकर वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
आरोपी ने गुरुग्राम में वाहन चोरी की तीन अन्य वारदातों को अंजाम देने का भी खुलासा किया है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड से ज्ञात हुआ कि उस पर पहले भी चोरी व छीना-झपटी के 11 मामले दर्ज हैं। आरोपी के कब्जे से चोरी की 03 बाइकें, 01 मास्टर चाबी, 01 देशी कट्टा व 01 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी को 21 जनवरी 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। अनुसंधान जारी है।
