गुरुग्राम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नशे के अड्डों पर चला बुलडोजर
गुरुग्राम, 20 जनवरी
गुरुग्राम पुलिस ने अपराध और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-44 क्षेत्र में सरकारी जमीन पर बनी 100 से अधिक अवैध झुग्गियों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। इन झुग्गियों का उपयोग लंबे समय से नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री, भंडारण और सप्लाई के लिए किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, ये झुग्गियां लगभग 5 एकड़ HSVP की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाई गई थीं। इन ठिकानों से जुड़े नशा तस्करी के मामलों में 10 से अधिक अभियोग पहले ही दर्ज हैं। नशे के कारण क्षेत्र में अपराध बढ़ने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
प्राप्त सूचनाओं और जांच के आधार पर यह कार्रवाई पुलिस थाना सुशांत लोक के प्रभारी निरीक्षक अमन सिंह, अपराध शाखा सेक्टर-43 के इंचार्ज निरीक्षक नरेन्द्र शर्मा, डीटीपी अधिकारी आर.एस. भाट तथा HSVP अधिकारियों के सहयोग से की गई। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी, अवैध कब्जा और अपराध को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
