गुरुग्राम, 18 जनवरी। हरियाणा जिमनास्टिक संघ के मार्गदर्शन में गुड़गांव जिमनास्टिक एसोसिएशन द्वारा प्रथम जिला स्तरीय ट्रैम्पोलिन जिमनास्टिक प्रतियोगिता का आयोजन 18 जनवरी को एक्सीलेंस स्पोर्ट्स अकैडमी, सेक्टर-62 गुरुग्राम में सफलतापूर्वक किया गया। प्रतियोगिता देर शाम तक चली, जिसमें लड़कों और लड़कियों के विभिन्न आयु वर्गों में मुकाबले आयोजित हुए।
हरियाणा जिमनास्टिक संघ के अध्यक्ष श्री सूरजपाल अम्मू ने फोन के माध्यम से सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं और बधाई दी। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाजसेविका श्रीमती सविता चौहान रहीं, जिन्होंने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ देवेंद्र कुमार आहूजा, पूर्व प्रशिक्षक भारतीय वायु सेवा ने किया, जबकि गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में संजय शर्मा, उपाध्यक्ष गुड़गांव जिमनास्टिक संघ उपस्थित रहे। आयोजन महासचिव परसराम, पूर्व उपनिदेशक खेल विभाग की देखरेख में संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता में जिले की विभिन्न खेल अकादमियों और नेहरू स्टेडियम से लगभग 50 खिलाड़ियों ने भाग लिया। सीनियर, जूनियर, सब-जूनियर और मिनी बॉयज वर्गों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस अवसर पर नेशनल ट्रैम्पोलिन चैंपियनशिप 2025-26 में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से खिलाड़ियों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।