चंडीगढ़, हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को अपनी धर्मपत्नी श्रीमती सुमन सैनी के साथ चंडीगढ़ स्थित अपने आवास संत कबीर कुटीर में लोहड़ी का पर्व धूमधाम से मनाया। इस दौरान उन्होंने लोहड़ी एवं मकर संक्रांति के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। लोहड़ी समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह त्यौहार भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राचीन परंपराओं का प्रतीक है। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री मोहन लाल कौशिक भी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पूजा अर्चना कर लोहड़ी की अग्नि प्रज्वलित की और साथ ही हरियाणा वासियों के सुख और समृद्धि की कामना भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहड़ी केवल लकड़ी जलाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह समाज को उसकी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का अवसर भी है। उन्होंने कहा, “ऐसे पर्व सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं और हमें हमारी परंपराओं एवं मूल्यों की याद दिलाते हैं।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व एकता, समानता और समावेशिता को बढ़ावा देता है, क्योंकि समाज के सभी वर्गों के लोग समान उत्साह और भाईचारे की भावना के साथ इसे मनाते हैं।
