गुरुग्राम। गुरुग्राम में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के एक मामले का खुलासा करते हुए सेक्टर-37 थाना पुलिस ने एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक युवक की नग्न वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर उससे पैसे ऐंठ लिए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 63 हजार रुपये, वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार पीड़ित युवक ने 6 मार्च को थाना सेक्टर-37 में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह सेक्टर-83 स्थित एक लैब में काम करता है। 25 फरवरी को वह मोहम्मदपुर की AVL-36 सोसाइटी में रहने वाली ज्योति नाम की महिला का ब्लड सैंपल लेने गया था। महिला ने ब्लड रिपोर्ट के बहाने उसका मोबाइल नंबर ले लिया और बाद में उससे बातचीत शुरू कर दी।
2 मार्च को युवक दोबारा महिला के फ्लैट पर गया, जहां पहले से मौजूद दो युवकों ने उसके साथ मारपीट कर कपड़े उतरवाए और उसकी नग्न वीडियो बना ली। इसके बाद उसे ब्लैकमेल कर पैसे ट्रांसफर करवाए और 5 लाख रुपये की मांग की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हरीश यादव उर्फ मोनू, श्याम सुंदर उर्फ अशोक और ज्योति को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि तीनों की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी और उन्होंने मिलकर यह साजिश रची थी। आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।