– अवैध रूप से कूड़ा,सीवर का गंदा पानी खुले में डालने वालों के खिलाफ निगम करेगा कार्रवाई
– सोसायटी के एसटीपी बंद पाए जाने पर भी सख्ती बरतेगा निगम
5 फरवरी, मानेसर।
नगर निगम मानेसर आयुक्त प्रदीप सिंह ने पर्यावरण को बचाने और क्षेत्र की सुंदरता बनाए रखने के लिए अवैध रुप से कूड़ा ,सीवर का गंदा पानी खुले में डालने वालें के खिलाफ जीरो टाॅलरेंस नीति लागू करने के आदेश दिए हैं। गुरुवार को एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों के साथ बैठक में ऐसे दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश जारी किए है। निगम क्षेत्र की रिहायशी सोसायटियों में बंद एसटीपी प्लांट्स पर भी कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी।
आयुक्त प्रदीप सिंह ने स्पष्ट किया कि खुले में कूड़ा या सीवर का गंदा पानी डालना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज होगी, ताकि पर्यावरण को होने वाले नुकसान पर पूरी तरह से रोक लगे।
निगम क्षेत्र में रिहायशी रोसाइटियों पर निगम की टीम विशेष नगर रखेगी। जिन सोसाइटियों में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बंद पाया जाएगा, उनके खिलाफ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को सूचना दी जाएगी। साथ ही टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग को सोसायटी का ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट रद्द करने और जिला रजिस्ट्रार से रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन को भंग करने की सिफारिश की जाएगी। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमित निरीक्षण तेज करें और दोषी पाए जाने पर बिना देरी के कार्रवाई करें।
एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों को निर्देश देते हुए आयुक्त ने कहा कि मानेसर में औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों, फुटपाथ,सेंट्रल वर्ज पर गाड़ियां खड़ी करने वाले के खिलाफ पुलिस विभाग के साथ संयुक्त ड्राइव चलाई जाए। रेहड़ी पटरी वालों द्वारा ट्रैफिक बाधित करने पर भी सख्ती बरती जाए। आईएमटी औद्योगिक एसोसिएशन के साथ समन्वय स्थापित कर तय पार्किंग जोनों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। एचएसआईआईडीसी अधिकारियों को हरियाली बढ़ाने के निर्देश भी दिए ताकि औद्योगिक क्षेत्र में प्रदूषण कम हो और सुंदरता बनी रहे।
