गुरुग्राम,
खेड़की दौला टोल प्लाजा के पास 34 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर अपराधी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान मनोज ओझा, निवासी छतरपुर (दिल्ली) के रूप में हुई है, जिस पर हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, लूट और चोरी सहित कुल 16 आपराधिक मामले दर्ज थे।
पुलिस के अनुसार, 13 जनवरी को गोली लगने की सूचना मिलते ही खेड़की दौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल मनोज ओझा को एंबुलेंस से मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से एक बोलेरो गाड़ी और दो लोडेड पिस्टल बरामद की गईं। एफएसएल और फिंगरप्रिंट टीमों ने भी मौके का निरीक्षण किया।
मृतक के भाई की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि घटना से कुछ समय पहले मनोज के व्हाट्सएप नंबर से एक वॉयस मैसेज मिला था, जिसमें गोली मारने की जानकारी दी गई थी।
जांच में सामने आया कि मृतक अपने साथियों के साथ हिसार गया था। वापसी के दौरान मानेसर के पास आपसी कहासुनी हो गई, जिसके बाद साथी तनिष ने खेड़की दौला टोल के पास गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने दिल्ली से आरोपी लोकेश (21) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को रिमांड पर लेकर हथियारों की बरामदगी और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। जांच जारी है।
