PM participates in the Pongal Festival Celebrations, in New Delhi on January 14, 2026.
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली में पोंगल समारोहों को संबोधित किया। श्री मोदी ने तमिल भाषा में शुभकामनाएं देते हुए कहा, “आज पोंगल एक वैश्विक त्योहार बन गया है, जिसे विश्व भर में तमिल समुदाय और तमिल संस्कृति से प्रेम करने वाले लोग उत्साहपूर्वक मनाते हैं।” उन्होंने कहा कि वे भी उन्हीं में से एक हैं।
उन्होंने कहा कि इस विशेष त्योहार को सबके साथ मनाना उनके लिए सौभाग्य की बात है। प्रधानमंत्री ने कहा कि तमिल जीवन में पोंगल एक सुखद अनुभव है, जो किसानों के परिश्रम, धरती और सूर्य के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है, साथ ही प्रकृति, परिवार और समाज में संतुलन की ओर मार्गदर्शन करता है।
श्री मोदी ने कहा कि इस समय देश के विभिन्न हिस्सों में लोहड़ी, मकर संक्रांति, माघ बिहू और अन्य त्योहारों का उत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने भारत और विश्व भर में सभी तमिल भाइयों और बहनों को पोंगल की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और सभी त्योहारों के लिए हार्दिक बधाई व्यक्त की।
श्री मोदी ने कहा कि पिछले वर्ष उन्हें तमिल संस्कृति से जुड़े कई कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिला, जो उनके लिए अत्यंत प्रसन्नता का विषय था। उन्होंने बताया कि उन्होंने तमिलनाडु के हजार वर्ष पुराने गंगईकोंडा चोलपुरम मंदिर में पूजा-अर्चना की।
